जुलाई 26, 2026 10:11 अपराह्न

printer

कर्नाटक: पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में अनियमितताओं की जांच समिति का गठन

कर्नाटक लोक सेवा आयोग ने पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए एक आंतरिक जांच समिति का गठन किया है। यह कदम विधान सौधा पुलिस द्वारा केपीएससी अध्यक्ष शिवशंकरप्पा एस. साहूकार, अन्य अधिकारियों और 29 चयनित उम्मीदवारों के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के आरोप में एफ.आई.आर दर्ज करने के एक दिन बाद उठाया गया है।

भर्ती के लिए कथित तौर पर 80 लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाली एक ऑडियो क्लिप की भी जांच की जा रही है। केपीएससी सदस्य शकुंतला दुंडीगौदर की अध्यक्षता वाली जांच समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

इस महीने की शुरुआत में, राज्यपाल ने केपीएससी अध्यक्ष को इस आरोप पर निलंबित कर दिया था कि उन्होंने अपनी दो बेटियों को औद्योगिक विस्तार अधिकारी के रूप में अवैध रूप से चयनित कराने में मदद की थी।

विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने अगले महीने राज्य विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान इस मुद्दे को उठाने का फैसला किया है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला