जम्मू-कश्मीर में लगातार तीसरे दिन भी कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रही। इससे पूरे क्षेत्र में बादल फटने और अचानक बाढ़ आने की आशंका है। वहीं, खराब मौसम के कारण 250 किलोमीटर लंबा रणनीतिक जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों के लिए बंद रहा। हमारे आकाशवाणी जम्मू संवाददाता ने बताया है कि अधिकारियों ने निवासियों को पानी का कम उपयोग करने, पीने के पानी को उबालकर पीने और राहत कार्यों में सहयोग करने की सलाह दी है। अधिकारियों ने लोगों को नदियों और अन्य संवेदनशील स्थानों से दूर रहने की सलाह जारी की है।
यातायात अधिकारियों ने बताया कि सीमित निकासी अभियान के बाद केवल फंसे हुए और स्थानीय वाहनों को ही चलने की अनुमति दी गई। यात्रियों को सलाह दी गई है कि जब तक राजमार्ग को सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक इस पर यात्रा न करें। मौसम विभाग ने आज कई स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान लगाया है, जिसके बाद 25 से 27 जुलाई के बीच छिटपुट बारिश होगी। जम्मू और कश्मीर में 28 जुलाई से बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है।