अगस्त 12, 2026 1:14 अपराह्न

printer

जापान के रक्षा मंत्रालय का दावा, उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर दागी संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल

जापान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उत्तर कोरिया ने आज समुद्र की ओर एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल दागी। एक हफ़्ते से भी कम समय में प्योंगयांग द्वारा हथियार दागने की यह दूसरी घटना है। दक्षिण कोरिया की सेना ने भी बताया कि उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल (मिसाइल जैसी चीज़) दागी है।

यह परीक्षण दक्षिण कोरिया और अमरीका द्वारा अगले हफ़्ते से बड़े पैमाने के अपने सालाना सैन्य अभ्यास शुरू करने की घोषणा के दो दिन बाद हुआ है। ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ नाम के इस अभ्यास का उद्देश्‍य उत्तर कोरिया से संभावित खतरों के खिलाफ़ सैन्य तैयारी को मज़बूत करना है। उत्तर कोरिया इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का विरोध करता रहा है और इसे हमले की तैयारी बताता है। प्योंगयांग ने पहले भी ऐसे अभ्यासों का जवाब हथियारों के परीक्षण और कड़े बयानों से दिया है।

पिछले हफ़्ते, दक्षिण कोरिया, अमरीका और जापान ने उत्तर कोरिया से कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल के परीक्षण का पता लगाया था। बताया जा रहा है कि जून के आखिर के बाद से देश का यह पहला बैलिस्टिक हथियार परीक्षण था। उत्तर कोरिया ने इस परीक्षण की पुष्टि नहीं की है, हालांकि वह अक्सर अपने हथियार परीक्षणों के विवरण परीक्षण के एक दिन बाद जारी करता रहा है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला