जम्मू-कश्मीर सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों के लिए पात्र लोगों को सम्मानित करने के लिए नामांकन और अनुशंसा आमंत्रित की हैं। ये पुरस्कार गणतंत्र दिवस 2027 की पूर्व संध्या पर प्रदान किए जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, 11 श्रेणियों में नामांकन मांगे गए हैं। इनमें वीरता, साहित्य, प्रदर्शन कला, कला एवं शिल्प, सामाजिक सुधार और सशक्तीकरण, उत्कृष्ट लोक सेवा, आजीवन उपलब्धि, खेल, मीडिया, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक उद्यमिता शामिल हैं।
अधिसूचना में कहा गया है कि उत्कृष्ट लोक सेवा श्रेणी के दो पुरस्कार अराजपत्रित कर्मचारियों के लिए आरक्षित होंगे। सामाजिक संगठन, खेल संस्थाएं, गैर-सरकारी संगठन, विश्वविद्यालय, जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी तथा प्रशासनिक सचिव, मंडलायुक्त और उपायुक्त पात्र व्यक्तियों और संगठनों के नाम पुरस्कार के लिए भेज सकते हैं। सरकार ने संबंधित संस्थाओं और अधिकारियों से पात्र व्यक्तियों तथा संगठनों के नाम, उनके योगदान का विवरण और जरूरी दस्तावेज 25 नवंबर 2026 तक भेजने को कहा है।