दक्षिणी लेबनान में इस्राएली हवाई हमलों में तीन सैन्यकर्मियों सहित नौ लोग मारे गए हैं। लेबनान की सेना के अनुसार हवाई हमले में नबातीयेह शहर और मरजयून कस्बे को जोड़ने वाली सड़क को निशाना बनाया गया, जिसमें एक ब्रिगेडियर, एक कैप्टन और एक अन्य सैनिक मारा गया। इस्राएल और लेबनान के बीच नए युद्धविराम समझौते के कुछ ही दिनों बाद यह हवाई हमला हुआ है। इस्राएल की सेना ने इस हमले पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है।
सक्सकियाह गांव पर हुए एक अन्य हमले में छह नागरिक मारे गए और चार घायल हो गए। लेबनान की सेना ने एक बयान में इस्राएल पर स्थिरता बहाल करने, व्यापक युद्धविराम लागू करने और कब्जे वाले लेबनानी क्षेत्र से इस्राएली सेना की वापसी सुनिश्चित करने के प्रयासों को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
अमरीका की मध्यस्थता से इस्राएल और लेबनान के बीच नवीनतम युद्धविराम समझौता हुआ था हालांकि हिजबुल्लाह ने इस समझौते को अस्वीकार कर दिया है।