अगस्त 5, 2026 3:30 अपराह्न

printer

कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में ईशरानी बरुआ, तन्वी शर्मा और श्रीयांशी वलीशेट्टी ने दूसरे दौर में प्रवेश किया

दक्षिण कोरिया के आसन में कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में, ईशारानी बरुआ, तन्वी शर्मा और श्रीयांशी वलीशेट्टी ने महिला सिंगल्‍स के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। ईशरानी बरुआ ने राउंड ऑफ़ 32 में दक्षिण कोरिया की ली सो ही को 18-21, 21-15, 7-21 से हराया, जबकि तन्वी ने चीन की आन क्यू युआन को 21-16, 21-15 से हराया। श्रीयांशी ने चीनी ताइपे की यू पो पाई को 21-15, 21-14 से मात दी।

हालांकि, आकर्षी कश्यप 32वें राउंड में मिन जी किम से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। महिला युगल में, सोनाली सिंह और रितिका ठाकर ने भी 32वें राउंड में स्थानीय दावेदार जी सन बैंग और ह्यून जी जांग को हराकर दूसरे राउंड में जगह बनाई। मिक्‍स्‍ड डबल्‍स में, छठी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी श्रुति मिश्रा और ईशान भटनागर ने अपने ही देश के सत्विक रेड्डी कनापुरम और राधिका शर्मा को हराया।

पुरुष सिंगल्‍स में, विश्व के नंबर एक किदाम्बी श्रीकांत, किरण जॉर्ज, रौनक चौहान, सानीत दयानंद और थारुन मन्नेपल्ली आज खेलेंगे।

पुरुष डबल्‍स में, गैर-वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी कृष्णा प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय ने छठी वरीयता प्राप्त थाईलैंड के चालोम्पोन चारोएनकितामोर्न और वोर्रापोल थोंगसा-न्गा को 21-16, 21-18 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।