अगस्त 18, 2026 7:49 पूर्वाह्न

printer

आईआरजीसी ने अमरीका के साथ गुप्त बातचीत के दावे को किया खारिज

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर- आई.आर.जी.सी.ने अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह दावा खारिज कर दिया है कि अमरीका के पास ईरानी सेना से बातचीत के लिए गुप्त संपर्क है।

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के प्रवक्ता हुसैन मोहेबी ने कहा कि आई.आर.जी.सी. अधिकारियों और अमरीका के बीच कोई बातचीत नहीं हो रही है। मोहेबी ने यह भी कहा कि ईरान का राजनयिक तंत्र वर्तमान में अमरीका के साथ बातचीत में शामिल नहीं है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने भी इन खबरों का खंडन किया है।

ये घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आए हैं जब राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान से आत्मसमर्पण का आग्रह किया है, क्योंकि 60 दिन का युद्धविराम समझौता कल रात समाप्त हो गया। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया है कि अमरीका ईरान के लिए कोई समय सीमा तय करने में जल्दबाजी नहीं कर रहा है।