कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज ईरान के ड्रोन हमले से भारी नुकसान हुआ है। हमले में एक व्यक्ति की मौत जबकि कई लोग घायल हुए हैं। इस घटना से अमरीका और ईरान के बीच युद्धविराम और कमजोर पड़ता दिख रहा है।
कुवैत की वायु रक्षा प्रणाली ने कई ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया, लेकिन एक ड्रोन एयरपोर्ट के मुख्य यात्री टर्मिनल तक पहुंच गया। इससे टर्मिनल-1 को गंभीर नुकसान हुआ और सभी व्यावसायिक उड़ानें तुरंत रोक दी गईं।
कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल सऊद अब्दुलअज़ीज़ अल–ओतैबी ने इस हमले को नागरिक ढांचे पर किया गया आपराधिक हमला बताया। वहीं, विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र के नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
खबरों के अनुसार, अमरीकी सेना द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक तेल टैंकर को रोकने के बाद हालात और बिगड़ गए। इसके जवाब में ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने अमरीका और उसके सहयोगी देशों के ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए।
अमरीकी सेना के सेंट्रल कमांड ने दावा किया कि उसने कुवैत में अमरीकी कर्मियों को निशाना बनाने वाले कई ड्रोन मार गिराए और कुवैत की ओर दागी गई दो ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलें लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही मार गिराई गईं।