ईरान और अमरीका के बीच जारी संघर्ष आज और खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। ईरान ने कुवैत और बहरीन में स्थित अमरीकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है।
एक ड्रोन हमले में कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के मुख्य यात्री टर्मिनल को नुकसान पहुंचा। हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और 63 लोग घायल हो गए। भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिक की मौत पर शोक व्यक्त किया। दूतावास ने कहा कि वह कुवैती अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है। उसने कुवैत में अल-सलेम एयर बेस और कैंप अरीफजान तथा बहरीन में अमरीकी नौसेना के 5वें बेड़े के मुख्यालय को भी निशाना बनाने का दावा किया। हालांकि, अमरीकी सेंट्रल कमांड ने इन दावों को खारिज कर दिया है।
ईरान ने इन हमलों को उस अमरीकी सैन्य कार्रवाई का जवाब बताया है, जिसमें ईरान के क़िश्म द्वीप और एक तेल टैंकर पर हमला किया गया था। ईरान ने आगे भी जवाबी कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है। इस पूरे घटनाक्रम से खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।