कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के दमन के लिए पाकिस्तान के अधिकारियों की हिंसक कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है। संगठनों ने इंटरनेट बंद करने, अवैध गिरफ्तारियों और बल के प्रयोग का हवाला देते हुए स्थिति को गंभीर बताया है।
अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन ने वहां एक संगठन को आतंकवादी समूह घोषित करने के फैसले की निंदा करते हुए इसे संगठन की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताया। संगठन ने आरोप लगाया कि 8 और 9 जून के बीच पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा एक महिला सहित 25 से अधिक लोगों की हत्या कर दी गई।
एमनेस्टी इंटरनेशनल ने अधिकारियों से तनाव कम करने और संयम बरतने का आग्रह किया। ये झड़पें पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा 9 जून को होने वाले संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी के विरोध प्रदर्शन से पहले आतंकवाद विरोधी कानूनों के अंतर्गत प्रतिबंधित समूह घोषित किए जाने के कुछ दिन बाद हुई हैं।