मई 18, 2026 11:49 पूर्वाह्न

printer

स्वीडन में पीएम मोदी से मुलाकात करने वाले उद्योगपतियों ने भारत में रुचि दिखाई: विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि स्वीडन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने वाले उद्योगपतियों और मुख्‍य कार्यकारी अधिकारियों ने भारत में गहरी रुचि दिखाई है। पिछले कई वर्षों में निरंतर आर्थिक सुधारों के कारण देश में हुए परिवर्तन की सराहना भी की है। यूरोपीय उद्योगपतियों के गोलमेज  सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत में विदेश मंत्रालय के पश्चिमी मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज ने कहा कि मुख्‍य कार्यकारी अधिकारियों और वरिष्ठ उद्योगपतियों ने हाल के वर्षों में भारत में हुए महत्वपूर्ण परिवर्तनों का उल्‍लेख किया।

श्री जॉर्ज ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने रवींद्रनाथ टैगोर की साझा सांस्कृतिक विरासत वाले विशेष उपहारों का आदान-प्रदान किया। श्री जॉर्ज ने कहा कि स्वीडन के प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को एक बॉक्स भेंट किया, जिसमें टैगोर की हस्तलिखित सूक्तियों की दो प्रतिकृतियां, एक व्याख्यात्मक नोट और 1921 में उप्साला विश्वविद्यालय की यात्रा के दौरान ली गई एक तस्वीर थी।

श्री जॉर्ज ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वीडन के प्रधानमंत्री को रवींद्रनाथ टैगोर की रचनाओं का एक संग्रह भेंट किया। इसके अलावा शांति निकेतन का विशेष रूप से तैयार एक हस्तनिर्मित बैग भी दिया।

प्रधानमंत्री मोदी, स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन, वरिष्ठ यूरोपीय उद्योगपतियों और प्रमुख यूरोपीय तथा भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वोल्वो समूह के यूरोपीय मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गोलमेज सम्मेलन में भाग लिया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला