नई दिल्ली में बी.डब्ल्यू.एफ. बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप में एम.आर. अर्जुन और हरिहरन अमसाकरुणनन की भारतीय जोड़ी पुरुष डबल्स के दूसरे दौर में पहुंच गई है। अर्जुन और अमसकरुणनन की जोड़ी दूसरे गेम में 6-4 से आगे चल रही थी, लेकिन आयरलैंड के उनके प्रतिद्वंद्वी स्कॉट गिल्डिया और पॉल रेनॉल्ड्स चोट के कारण मुकाबले से हट गए। इससे पहले भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 21-16 से जीता था।
आज ही पूर्व विश्व चैंपियन और नौवीं वरीयता प्राप्त पी. वी. सिंधु महिला सिंगल्स में आयरलैंड की सोफिया नोबल के साथ खेलेंगी। महिला डबल्स में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी का सामना स्पेन की पाउला लोपेज और लूसिया रोड्रिगेज से होगा। आज शाम पुरुष सिंगल्स में आयुष शेट्टी का मुकाबला विश्व नंबर एक और मौजूदा चैंपियन चीन के शी यू ची से होगा।