ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत के पास कई पदक जीतने के मौके हैं। बॉक्सिंग में ओलिंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन की अगुवाई में 10 मुक्केबाज फाइनल मुकाबले खेलेंगे। इन सभी 10 मुक्केबाजों के कल सेमीफाइनल में जीत हासिल करने के बाद रजत पदक पक्का हो गया। ये राष्ट्रमंडल खेलों में बॉक्सिंग में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। मुक्केबाज अब स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करेंगे।
लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किलोग्राम, साक्षी चौधरी ने 51 किलोग्राम, प्रीति पवार ने 54 किलोग्राम, जैस्मीन लंबोरिया ने 57 किलोग्राम, प्रिया घंघास ने 60 किलोग्राम और अरुंधति चौधरी ने 70 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में जगह बनाई। पुरुषों में, जदुमणि सिंह मंदेंगबम 55 किलोग्राम, सचिन सिवाच 60 किलोग्राम, अंकुश पंघाल 80 किलोग्राम और नरेंद्र बेरवाल 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
अस्मिता डे और हर्ष सिंह के कल जूडो में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतने के बाद, जूडो खिलाड़ी भी मैदान में उतरेंगे। महिलाओं में उन्नति शर्मा 63 किलोग्राम और इनुंगनबी तकेलम्बम 70 किलोग्राम भार वर्ग में तथा पुरुषों में करनजीत सिंह मान 90 किलोग्राम और हर्ष टोकस 81 किलोग्राम भार वर्ग में अभियान की शुरुआत करेंगे।
लॉन बाउल्स में, नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की पुरुष डबल्स जोड़ी इंग्लैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच खेलेगी। विजेता सेमीफाइनल में पहुंचेगा। खिलाड़ी पैरा एथलेटिक्स और ट्रैक साइकिलिंग में भी पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।