वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत ने पिछले वर्ष आठ सौ 63 अरब डॉलर का निर्यात दर्ज किया और इस वर्ष एक ट्रिलियन डॉलर का निर्यात करने का लक्ष्य है। श्री गोयल ने आज नई दिल्ली में 31वें सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में यह बात कही। यह शिखर सम्मेलन अगले महीने की 12 और 13 तारीख को विशाखापत्तनम में आयोजित किया जाएगा। श्री गोयल ने कहा कि भारत के निर्यात में एक वर्ष में ऐसे समय लगभग 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जब वैश्विक अर्थव्यवस्था को लगातार झटके लग रहे है और वैश्विक विकास दर 3 प्रतिशत से नीचे गिरने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए अपने विकास अनुमानों को एक बार फिर बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत 7 प्रतिशत से अधिक की दर से विकास करना जारी रखेगा और सबसे तेजी से बढ़ती हुई बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा। श्री गोयल ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगभग चार ट्रिलियन डॉलर की है और इसके 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ने की क्षमता है।
श्री गोयल ने सीआईआई से प्रत्येक राज्य परिषद में एफटीए उपयोग डेस्क स्थापित करने का आग्रह किया ताकि एमएसएमई मुक्त व्यापार समझौतों का प्रभावी ढंग से उपयोग हो सके। श्री गोयल ने शिखर सम्मेलन को भारत की विकास गाथा को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर बताया। उन्होंने बताया कि गूगल का पहला एआई हब विशाखापत्तनम में स्थापित किया जा रहा है।