विदेश मंत्रालय ने एक परामर्श जारी कर भारतीय नागरिकों को सुझाव दिया है कि वे काला सागर से गुजरने वाले जहाजों पर नौकरी से पहले सुरक्षा संबंधी ख़तरों का ठीक से आकलन कर लें। परामर्श में कहा गया है कि ऐसे रोजगार के चयन में अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए।
मौजूदा संघर्ष के कारण काला सागर और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में सुरक्षा स्थिति अत्यधिक अस्थिर बनी हुई है। इन जलक्षेत्रों से गुजरने वाले जहाजों को मिसाइल और ड्रोन हमलों सहित गंभीर सुरक्षा जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है। इस वर्ष अप्रैल से ऐसी घटनाओं में वृद्धि हुई है जिनमें पांच भारतीयों की मौत हुई है।
भारतीय नागरिकों से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि रोजगार की शर्तें लागू अंतरराष्ट्रीय समुद्री मानकों के अनुरूप हों और आपात स्थिति में चिकित्सा देखभाल, निकासी, स्वदेश वापसी और मुआवजे के लिए पर्याप्त प्रावधान हों। परामर्श में कहा गया है कि सहायता के इच्छुक भारतीय, दूतावास या वाणिज्य दूतावासों से संपर्क कर सकते हैं। रूस में भारतीय दूतावास का आपातकालीन संपर्क नंबर +7 9652773414 है और यूक्रेन में +38 0933559958 है।