भारतीय पहलवान आज से मंगोलिया में उलानबातार ओपन रैंकिंग सीरीज टूर्नामेंट में अभियान शुरू करेंगे। चार दिन की प्रतियोगिता में भारत की ओर से पुरुष फ्रीस्टाइल, महिला कुश्ती और ग्रीको-रोमन कुश्ती स्पर्धाओं में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह सीरीज़ 2026 यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग रैंकिंग सीरीज का तीसरा चरण है।
एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई कर चुके छह पहलवान मुकाबले में उतरेंगे। इनमें महिलाओं के 62 किलोग्राम वर्ग में मानसी अहलावत, 76 किलोग्राम वर्ग में प्रिया मलिक, पुरुषों के 86 किलोग्राम वर्ग में मुकुल दहिया और ग्रीको-रोमन पहलवान अमन, सुनील कुमार और नितेश कुमार शामिल हैं।
महिला कुश्ती में मीनाक्षी गोयत 53 किलोग्राम वर्ग में जबकि पूर्व एशियाई चैंपियन मनीषा भानवाला 57 किलोग्राम वर्ग में मुकाबले में उतरेंगी। अनुभवी ग्रीको-रोमन पहलवान सुनील कुमार 87 किलोग्राम वर्ग में भारत की चुनौती का नेतृत्व करेंगे।