जापान में चल रहे एशियाई खेलों में आज भारतीय खिलाड़ियों के कई पदक जीतने की संभावना है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और मीराबाई चानू आज भारत के चौथे दिन के अभियान का नेतृत्व करेंगी। मनु भाकर निशानेबाजी में महिलाओं के 10-मीटर एयर पिस्टल इवेंट में सुरुचि सिंह और ईशा सिंह के साथ मिलकर दावेदारी पेश करेंगी। ये तीनों आज सुबह टीम स्पर्धा और व्यक्तिगत पात्रता के लिए मुकाबलों में भाग लेंगी जिसका फ़ाइनल आज होगा।
वहीं, भारोत्तोलक मीराबाई चानू महिलाओं के 49-किलोग्राम वर्ग के फ़ाइनल में भाग लेंगी। मीराबाई चानू 2023 में हांगझोऊ एशियाई खेलों में चौथे स्थान पर रहने के बाद अब एशियाई खेलों में अपना पहला पदक जीतने का प्रयास करेंगी।
वहीं, नौकायन में भारत के बलराज पंवार ने पुरुषों के सिंगल्स स्कल्स इवेंट के फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई कर लिया है। पुरुषों की बैडमिंटन और महिलाओं की वुशु स्पर्धाओं में पहले ही भारत के पदक पक्के हो चुके हैं। पुरुषों की बैडमिंटन टीम का आज सेमी-फ़ाइनल में चीन से सामना होगा। वहीं, वुशु में, रोशिबिना देवी का महिलाओं के 60-किलोग्राम सांडा सेमी-फ़ाइनल में इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास का सामना होगा।
हॉकी में, भारतीय महिला टीम आज सुबह पूल B के अपने तीसरे मैच में थाईलैंड का सामना करेगी। यह मैच सुबह 11:30 बजे शुरू होगा। इसके अतिरिक्त, भारतीय पुरुष और महिला कबड्डी टीमें भी अपने ग्रुप-स्टेज अभियान को जारी रखेंगी। भारतीय खिलाड़ी कैनो स्प्रिंट, फेंसिंग, स्क्वैश, तैराकी, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, घुड़सवारी और सॉफ्ट टेनिस में भी हिस्सा लेंगे।