भारतीय रेलवे ने अगस्त 2026 के दौरान माल ढुलाई में सालाना आधार पर 5.4% की शानदार बढ़त दर्ज की है। इस अवधि में रेलवे ने 137.9 मिलियन टन माल की ढुलाई की, जबकि अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 130.9 मिलियन टन था। रेल मंत्रालय ने बताया है कि अगस्त 2025 की तुलना में इस बार माल ढुलाई से मिलने वाले राजस्व में भी 6.27 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो रेलवे के माल ढुलाई कारोबार की लगातार मजबूत होती स्थिति को दर्शाता है।
मंत्रालय के अनुसार, पिछले महीने पांच नए ‘गति शक्ति कार्गो टर्मिनल’ शुरू किए गए हैं। जिसके बाद 31 अगस्त 2026 तक चालू किए गए कुल कार्गो टर्मिनलों की संख्या 149 हो गई है। इसके अलावा, पिछले महीने 14 ‘अमृत भारत’ विशेष ट्रेनों को नियमित सेवाओं में बदल दिया गया, जिससे देश में कुल अमृत भारत सेवाओं की संख्या बढ़कर 86 हो गई है। इनमें सूबेदारगंज से लोकमान्य तिलक टर्मिनस, गोरखपुर से बांद्रा टर्मिनस, गोरखपुर से दिल्ली जंक्शन और अहमदाबाद से भागलपुर के बीच चलने वाली सेवाएं शामिल हैं।
यात्री परिवहन की बात करें, तो भारतीय रेलवे ने अगस्त 2026 में 67 करोड़ 27 लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाया, जबकि अगस्त 2025 में यह संख्या 64 करोड़ 43 लाख थी। इस दौरान उपनगरीय यानी लोकल ट्रेन सेवा में भी बढ़ोतरी देखी गई, जो घनी आबादी वाले शहरी इलाकों में लाखों लोगों के लिए किफायती सफर सुनिश्चित करने में रेलवे की अहम भूमिका को दर्शाती है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए, रेलवे ने 25 से 31 अगस्त 2026 के बीच रक्षाबंधन पर विशेष रेलगाड़ियों के 144 फेरे चलाए, जबकि पिछले साल इसी त्योहार पर केवल 48 फेरे चलाए गए थे।