भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने अमरीका में आयोजित ग्रैंड चेस टूर सेंट लुइस रैपिड और ब्लिट्ज का खिताब जीत लिया है। 20 वर्षीय प्रज्ञानानंद ने अंतिम दौर से पहले वाले दौर में उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव के साथ ड्रॉ खेलकर चैंपियनशिप अपने नाम की। उन्होंने टूर्नामेंट में 35 में से 23 अंक हासिल किए।
प्रज्ञानानंद ने पांच दिवसीय प्रतियोगिता में शुरू से अंत तक बढ़त बनाए रखी। सिंदारोव ने अंतिम चरणों में कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन वे 1.5 अंकों के अंतर से दूसरे स्थान पर रहे।
इससे पहले जून में, प्रज्ञानानंद ने ओस्लो में आयोजित नॉर्वे चेस 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया था। उन्होंने दसवें और अंतिम दौर में जर्मनी के विंसेंट कीमर को हराया था।