सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के सचिव सौरभ गर्ग ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था का प्रदर्शन लगातार अच्छा बना हुआ है। राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के अवसर पर श्री गर्ग ने इस बात का उल्लेख किया कि डिजिटल इंडिया पहल की सफलता के चलते पिछले एक दशक में देश में प्रशासनिक आंकड़ों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष के समारोह का विषय ‘प्रशासनिक आंकड़ों की क्षमता को उजागर करना’ है, जो इस बात पर केंद्रित है कि सूचित और साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने में प्रशासनिक आंकड़ों का प्रभावी ढंग से उपयोग कैसे किया जा सकता है।
श्री गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगातार डेटा-आधारित शासन के महत्व पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नीति निर्माण और निर्णय लेने की प्रक्रिया को अधिक केंद्रित, सटीक और विश्वसनीय आंकड़ों पर आधारित होना चाहिए।