अक्टूबर 22, 2026 12:34 अपराह्न

printer

वेटेक्स 2026 में जल उपचार और सतत विकास के नवाचारी समाधान प्रदर्शित कर रहीं हैं भारतीय कंपनियां

भारतीय कंपनियों का एक प्रतिनिधिमंडल 20 से 22 अक्टूबर तक दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित वेटेक्स 2026 में भारत मंडप के तहत जल उपचार, पर्यावरण प्रौद्योगिकी और सतत विकास के क्षेत्र में अपने नवाचारी समाधान प्रदर्शित कर रहा है। वेटेक्स का आयोजन दुबई विद्युत और जल प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है।

भाग लेने वाली भारतीय कंपनियाँ जल शोधन संयंत्र, सीवेज उपचार प्रणाली, मेम्ब्रेन, पंप, फिल्ट्रेशन उपकरण, पानी के भीतर काम करने वाले रोबोट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सुविधा प्रबंधन प्रणाली तथा जैव-संस्कृति और दुर्गंध नियंत्रण से जुड़े समाधान प्रदर्शित कर रही हैं।

भारतीय प्रतिभागियों ने जल गुणवत्ता की निगरानी के लिए स्वदेशी तकनीकों के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया के तहत विकसित उत्पाद वैश्विक बाजारों के लिए नए और बेहतर समाधान उपलब्ध करा रहे हैं।

पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में भाग ले रही कंपनियों ने खाड़ी देशों के बाजार में अपने कारोबार का विस्तार करने की संभावनाओं पर आशा व्यक्त की।

भारत मंडप का आयोजन वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत सेवा निर्यात संवर्धन परिषद (एसईपीसी) ने किया है। इसका उद्देश्य भारत से सेवाओं के निर्यात को बढ़ावा देना और खाड़ी क्षेत्र सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत करना है।

यह मंडप भारतीय कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, उद्योग जगत के प्रमुख लोगों और संभावित साझेदारों से जुड़ने का साझा मंच प्रदान करता है। इसके माध्यम से कंपनियाँ वितरण समझौतों, संयुक्त उपक्रमों और विभिन्न परियोजनाओं में सहयोग की संभावनाएँ तलाश सकती हैं।