तेलंगाना इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज 2026 में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। आज पुरूष सिंगल्स में भारत के तुषार सुवीर और महिला सिंगल्स में रक्षिता श्री संतोष रामराज ने फाइनल मुकाबले में जीत हासिल की। वहीं, पुरूष डबल्स में कृष्णा प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की जोड़ी ने खिताब जीता। इस तरह भारत ने टूर्नामेंट में कुल तीन टाइटल अपने नाम किए।
बैडमिंटन में आज तुषार सुवीर ने तेलंगाना इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज 2026 का पुरुष सिंगल्स का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने अपने ही देश के भरत राघव को 15-21, 21-18, 21-19 से हराया। वहीं, शीर्ष वरीयता प्राप्त रक्षिता रामराज ने महिला सिंगल्स के फाइनल मुकाबले में नौवीं वरीयता प्राप्त रुजुला रामू को 16-21, 21-15, 21-14 से हराया।
भारतीय खिलाडि़यों ने पांच में से तीन खिताब अपने नाम किए। शीर्ष वरीयता प्राप्त पुरुष डबल्स फाइनल में कृष्णा प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की जोड़ी ने अपने ही देश के साई प्रतीक के और रुबन कुमार रेथिनासबपति को 21-12, 21-18 से मात दी।
सतीश कुमार करुणाकरण और अश्विनी पोनप्पा को मिक्स्ड डबल्स के फाइनल में रूस के रोडियन अलीमोव और अलीना दावलेटोवा से खेलते हुए हार का सामना करना पड़ा।
जापान की मेई सुडो और माई तानाबे ने महिला डबल्स का खिताब जीता। उन्होंने थाईलैंड की फत्थरिन ऐमवरेश्रीसाकुल और सरिसा जानपेंग को 21-11, 21-11 से हराया।