भारतीय सेना की टुकड़ी संयुक्त मैत्री सैन्य अभ्यास में भाग लेने के लिए आज थाइलैंड रवाना हो गई। सैन्य अभ्यास कल से इस महीने की 31 तारीख तक चलेगा।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मैत्री अभ्यास का उद्देश्य भारत और थाइलैंड के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाना है। इससे संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत जंगलों और अर्ध शहरी क्षेत्रों में उग्रवाद और आतंकवाद का सामना करने की संयुक्त क्षमता बढ़ेगी। दोनों देशों की सैन्य टुकड़ियां संचालन और प्रौद्योगिकी गत अनुभव भी साझा करेंगी।
मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों की ओर से 85-85 सैन्य कर्मी अभ्यास में भाग लेंगे। भारतीय दल का नेतृत्व 9-गोरखा राइफल्स की टुकड़ी करेगी। दोनों देशों के बीच पिछला अभ्यास सितम्बर 2025 मेघालय में हुआ था।