अगस्त 23, 2026 7:56 पूर्वाह्न

printer

भारतीय वायु सेना ने दो अंतरराष्ट्रीय सैन्य उड़ान अभ्यासों में लिया सफलतापूर्वक हिस्सा

भारतीय वायु सेना ने हाल ही में दो अंतरराष्ट्रीय सैन्य उड़ान अभ्यासों में सफलतापूर्वक भाग लिया है। इनमें ऑस्ट्रेलिया में आयोजित पिच ब्लैक 2026 और मलेशिया में आयोजित उदार-शक्ति 2026 अभ्यास शामिल हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दो देशों के बीच इन अभ्यासों से भारतीय वायु सेना ने परिचालन क्षमता, उन्नत सामरिक समन्वय और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक रक्षा साझेदारी और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।

मंत्रालय ने कहा कि रॉयल ऑस्ट्रेलियाई वायु सेना द्वारा आयोजित अभ्यास पिच ब्लैक के दौरान, भारतीय वायु सेना ने अपने अग्रिम पंक्ति के राफेल विमानों के साथ 20 से अधिक भागीदार देशों की वायु सेनाओं के साथ मिलकर अभ्यास किया।

उधर मलेशिया में आयोजित सैन्य अभ्यास उदार शक्ति के दौरान, भारतीय वायु सेना के चालक दल ने रॉयल मलेशियाई वायु सेना के साथ मिलकर उच्च तीव्रता वाले लड़ाकू मिशन और संयुक्त सामरिक युद्धाभ्यास किए। द्विपक्षीय अभ्यास का मुख्य उद्देश्य हवाई युद्ध की रणनीति को परिष्कृत करना, विषय वस्तु विशेषज्ञों का आदान-प्रदान करना और संयुक्त परिचालन को अनुकूल बनाना था।