क्रिकेट में, भारत ने महिला एशिया कप 2026 जीत लिया है। कल फाइनल में उसने श्रीलंका को 72 रन से हराकर 8वीं बार एशिया कप अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही भारत ने 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का बदला भी ले लिया।
एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय और T20 प्रारूपों में एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका पर भारत की यह छठी जीत है, जिसमें 2004 का संस्करण भी शामिल है। जिसमें भारत ने दो टीमों के टूर्नामेंट में श्रीलंका को 5-0 से हराया था।
सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की रिकॉर्ड 129 रनों की साझेदारी की बदौलत भारत ने 5 विकेट पर 183 रन बनाए। इसके बाद गेंदबाजों ने श्रीलंका को 19 ओवर और 4 गेंदों में 111 रन पर समेट दिया, जिसमें श्री चरणी ने चार विकेट और दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लिए। शेफाली वर्मा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महिला टी20 एशिया कप का खिताब जीतने पर भारतीय टीम के सभी सदस्यों को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी मैच जीते और देश को गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी देश के युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि टीम सफलता और उत्कृष्टता के ऐसे और भी प्रेरणादायक अध्याय लिखेगी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महिला टी20 एशिया कप 2026 की चैंपियन बनने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर श्री बिरला ने टूर्नामेंट में अपराजित रहने और आठवीं बार एशिया कप जीतने के लिए टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्रिकेटरों ने टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन किया और यह जीत भारत की बेटियों की ताकत, मेहनत और सपनों की जीत है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह उपलब्धि देश के युवाओं को बड़े सपने देखने, कड़ी मेहनत करने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।