भारत इस महीने की 15 से 18 तारीख तक गुजरात के गांधीनगर में ‘वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम 2026’ की मेज़बानी करेगा। यह फोरम “सर्कुलर इकोनॉमी: लोगों और समृद्धि के लिए बदलाव” थीम के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ मिलकर मंगलवार को इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
मंत्रालय ने बताया कि इस कार्यक्रम में 65 से अधिक देशों के दो हजार से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इनमें उद्योगपति, उद्यमी, नवोन्मेषक, शोधकर्ता, नीति-निर्माता और शिक्षाविद शामिल हैं।
यह फोरम ग्लोबल साउथ के साथ सहयोग, निजी निवेश और विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को बढ़ावा देगा। साथ ही, सर्कुलरिटी के लिए नवाचार और नई तकनीक को प्रोत्साहित करेगा। मंत्रालय ने कहा कि फोरम के जरिए सर्कुलरिटी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए भारत के प्रयासों को वैश्विक स्तर पर सामने रखा जाएगा।