सितम्बर 9, 2026 4:44 अपराह्न

printer

चीन में आयोजित होने वाली 48वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता में पहली बार 11 नई कौशल श्रेणियों में भाग लेगा भारत

भारत इस महीने की 22 से 27 तारीख तक चीन के शंघाई में आयोजित होने वाली 48वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता में पहली बार 11 नई कौशल श्रेणियों में भाग लेगा। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने बताया है कि ‘टीम स्किल इंडिया’ कुल 64 में से 63 कौशल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेगी, जिसमें लगभग 70 प्रतियोगियों का दल शामिल हो रहा है।

मंत्रालय के अनुसार, ऐसे आयोजन में यह अब तक का भारत का सबसे बड़ा और सबसे विविधतापूर्ण प्रतिनिधित्व है। जिन 11 नए कौशलों में भारत पहली बार प्रतिस्पर्धा करने जा रहा है, उनमें डेंटल प्रोस्थेटिक्स और डिजिटल इंटरएक्टिव मीडिया डिज़ाइन शामिल हैं। भारत की इस भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी ने कहा कि इन नए कौशलों में भारत का शामिल होना देश के कौशल तंत्र के विकास को दर्शाता है। यह हमारे युवाओं को भविष्य की ज़रूरतों और वैश्विक स्तर के अनुकूल तैयार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मजबूत साझेदारी और कड़े अभ्यास के माध्यम से सरकार युवाओं को पूरे आत्मविश्वास के साथ वैश्विक मानकों पर मुकाबला करने के योग्य बना रही है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि इन नई श्रेणियों में भारत की भागीदारी देश के कौशल विकास तंत्र की बढ़ती परिपक्वता और गहराई को प्रदर्शित करती है।