भारत पहली बार यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। वर्ष 2032 में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए पुणे को मेजबान शहर चुना गया है। यह फैसला महाराष्ट्र और पूरे देश की खेल महत्वाकांक्षाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कनाडा के मॉन्ट्रियल में आयोजित यूसीआई कांग्रेस में पुणे की दावेदारी की अंतिम प्रस्तुति के बाद यह घोषणा की गई। महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी पुणे की दावेदारी के समर्थन में मॉन्ट्रियल में मौजूद थे।
इस विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी से अंतरराष्ट्रीय साइकिलिंग मानचित्र पर पुणे की पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है। दुनिया भर के प्रमुख साइकिल चालक इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पुणे आएंगे।
इस चैंपियनशिप से साइकिलिंग को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ साइकिलिंग के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा, प्रशिक्षण सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की क्षमता विकसित करने के अवसर भी मिलेंगे। इसके अलावा, इस आयोजन से खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलने और पुणे की पहचान एक अंतरराष्ट्रीय खेल स्थल के रूप में मजबूत होने की उम्मीद है।