विदेश मंत्रालय ने आज वाणिज्यिक पोत एमवी ओमोर्फी पर हुए हमले के बाद भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक को तलब किया। इस हमले में एक भारतीय की मौत हो गई थी। मंत्रालय ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए वाणिज्यिक जहाजों पर ऐसे हमलों की कड़ी निंदा की और समुद्री नौवहन की सुरक्षा और स्वतंत्रता तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर इनके प्रतिकूल प्रभाव को रेखांकित किया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि राजदूत से वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने पर भारत की चिंता यूक्रेन के अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा गया है। मंत्रालय ने दोहराया कि ऐसे कृत्य निर्दोष नाविकों के जीवन को खतरे में डालते हैं। यह अस्वीकार्य हैं और इनसे बचना चाहिए।