भारत, अमरीका को पीछे छोड़ते हुए वार्षिक सौर ऊर्जा क्षमता वृद्धि में 2025 तक विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा विकास बाजार बन गया है।
भारत ने सौर ऊर्जा की स्थापित क्षमता में उल्लेखनीय 155 गीगावाट का आंकड़ा पार कर लिया है। इससे देश के 50 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता लक्ष्य को प्राप्त करने और राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान को समय से पहले पूरा करने में मदद मिली है। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना जैसी प्रमुख पहल लोगों के जीवन में बदलाव ला रही हैं। घरों पर लगे सौर पैनल से 40 लाख से अधिक परिवारों को बिजली मिल रही है।
नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि देश की सौर ऊर्जा विकास गाथा वैश्विक मानक स्थापित कर रही है। यह विकास मजबूत नीतिगत समर्थन, नवाचार और विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे से क्षमता वृद्धि को रिकॉर्ड गति दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है, जिससे ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हो रही है, सतत विकास को बढ़ावा मिल रहा है और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक नेता के रूप में देश की स्थिति और मजबूत हो रही है।