नवम्बर 13, 2026 9:10 अपराह्न

printer

भारत, बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्‍योन्‍मुखी संबंध चाहता है: विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत, बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और दूरदर्शी संबंध बनाए रखने का इच्छुक है। नई दिल्ली में मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भारत-बांग्लादेश वाणिज्य दूतावास संबंधी संवाद पर कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, रेलवे, जल संसाधन और सीमा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में संस्थागत व्यवस्थाओं के अंतर्गत पहल की गई हैं और बैठकें आयोजित हुई हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा संबंधी संशोधित व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर भी भारत-बांग्लादेश वाणिज्य दूतावास संवाद में चर्चा होगी। यह बैठक दोनों देशों की आपसी सुविधा के अनुसार तय तारीख पर आयोजित की जाएगी। श्री जायसवाल ने कहा कि भारत वर्तमान व्यवस्थाओं के अंतर्गत तकनीकी स्तर सहित सभी मुद्दों और द्विपक्षीय मामलों पर बांग्लादेश के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनका कल्याण भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि ईरान के चाबहार बंदरगाह पर फंसे केरल के भारतीय नाविक अक्षय हरीश को आपातकालीन यात्रा प्रमाणपत्र जारी किया गया है। इससे उनकी जल्द से जल्द स्वदेश वापसी का रास्ता साफ हो गया है। पासपोर्ट और अन्य यात्रा दस्तावेज नहीं होने के कारण अक्षय ईरान में फंसे हुए थे।

श्री जायसवाल ने बताया कि भारत ने इस महीने की 20 से 22 तारीख तक नई दिल्ली में होने वाले पहले शंघाई सहयोग संगठन –  एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल होने के लिए सदस्य देशों सहित कई देशों को आमंत्रित किया है। उन्होंने बताया कि 19वां प्रवासी भारतीय दिवस अगले वर्ष 7 से 9 जनवरी तक कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

श्री जायसवाल ने बताया कि भारत ने पेरिस में हुई वित्तीय कार्रवाई कार्यबल-एफएटीएफ की पूर्ण बैठक और कार्य समूह की बैठकों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इन बैठकों में अवैध वित्तपोषण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।