जून 1, 2026 6:46 पूर्वाह्न

printer

भारत ने बांग्लादेश को हराकर सैफ महिला चैंपियनशिप के ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया

भारत की महिला फुटबॉल टीम ने कल गोवा के मार्गाओ में मौजूदा चैंपियन बांग्लादेश को 3-0 से हराकर सैफ महिला चैंपियनशिप 2026 के ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। विश्व में 69वें रैंकिंग की भारतीय टीम के लिए प्यारी ज़ाक्सा, लिंडा कॉम और मालविका पी ने गोल किए। इससे पहले भारत ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में मालदीव को 11-0 से हराया था।

सैफ महिला चैंपियनशिप की पांच बार की विजेता भारतीय टीम के खिलाफ इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी गोल नहीं हुआ है। टीम का मुकाबला बुधवार को सेमीफाइनल मैच में ग्रुप ए की उपविजेता भूटान से होगा। पिछले दो संस्करणों की विजेता और विश्व में 112वें रैंकिंग की टीम बांग्लादेश, दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप ए की विजेता नेपाल से भिड़ेगी।