अगस्त 22, 2026 11:29 पूर्वाह्न

printer

भारत ने सोमालिया के सामने उठाया दो वाणिज्यिक जहाजों के अपहरण का मामला

भारत ने 22 भारतीय नागरिकों को ले जा रहे दो वाणिज्यिक जहाजों के अपहरण का मामला सोमालिया के अधिकारियों के सामने उठाया है। भारतीय उच्चायोग के अनुसार, सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित बताए जा रहे हैं। भारत ने कहा है कि वह अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण को सबसे ज्यादा महत्व देता है। पहला जहाज एमटी सिबू 20 अगस्त को यमन के तट के पास अदन की खाड़ी में अगवा किया गया। इसमें 16 भारतीय नागरिक समेत 20 लोग सवार थे। दूसरा जहाज एमवी लुत्फ 17 अगस्त को सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास अगवा किया गया। इसमें 6 भारतीय नागरिक समेत 10 लोग सवार थे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी कहा है कि भारत अशांत समुद्री क्षेत्रों में काम कर रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है।