केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा है कि पश्चिम एशिया में बिगड़ती भू-राजनीतिक स्थिति के बीच भारत को सतर्क रहने की ज़रूरत है, हालाँकि मौजूदा स्थिति अभी देश के लिए चिंता का विषय नहीं है। रांची की अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि नागरिक उड्डयन सहित सभी क्षेत्र संभावित प्रभावों का आकलन कर रहे हैं और अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक रणनीतियाँ तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हवाई किराए को स्थिर रखने के लिए एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों के साथ-साथ हवाई अड्डे की लैंडिंग और पार्किंग शुल्क में भी कमी की गई है, और यदि मांग बढ़ती है तो अतिरिक्त उड़ानें और विमान तैनात किए जाएँगे।
नागरिक उड्डयन मंत्री ने बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर कई यात्री सुविधाओं का उद्घाटन किया और घोषणा की कि उड़ान योजना का एक संशोधित संस्करण, जिसके लिए लगभग 29 हजार करोड़ रुपये का अनुमानित आवंटन किया गया है, जल्द ही शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में हवाई अड्डों की संख्या 2014 के 74 से बढ़कर अब 165 हो गई है। यह आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा को सुलभ बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण की सफलता को दर्शाता है।