अक्टूबर 9, 2026 6:08 अपराह्न

printer

इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में डिजिटल इंडिया की पहलों को प्रदर्शित कर रहा है विशेष पवेलियन

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में एक विशेष पवेलियन बनाया है। इस पवेलियन में डिजिटल इंडिया की कई पहल और तकनीकी क्षमताएं प्रदर्शित की जा रही हैं। इनमें सार्वजनिक अवसंरचना, नागरिक सेवाएं, भाषा तकनीक, डेटा सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर, उन्नत शोध और तकनीकी उद्यमिता शामिल हैं।
 
इस पवेलियन में आधार, डिजिलॉकर, उमंग और एंटिटी लॉकर जैसी डिजिटल सुविधाओं को भी दिखाया गया है, जो नागरिकों और सरकार को सेवाएं देने में मदद करती हैं। मंत्रालय ने कहा कि ये पहल डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पहचान, दस्तावेजों और सरकारी सेवाओं तक पहुंच को अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक बना रही हैं।
 
पवेलियन में डिजिटल इंडिया भाषिणी के जरिए यह दिखाया जा रहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस- एआई और भाषा तकनीक की मदद से भारतीय भाषाओं में डिजिटल सामग्री और सेवाओं तक पहुंच कैसे आसान बनाई जा सकती है।
 
वहीं, माईगॉव- MYGOV इंडिया ने अपने स्टॉल पर मन की बात के वीडियो का संग्रह भी प्रस्तुत किया है। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों की कहानियों, लोगों की आवाजों और जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को दिखाया गया है।
 
चार दिनों तक चलने वाली इंडिया मोबाइल कांग्रेस बुधवार को शुरू हुई थी और इसका समापन कल होगा। ‘बिना सीमाओं के विस्तार’ थीम के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम अगली पीढ़ी की कनेक्टिविटी और उभरती तकनीकों पर चर्चा, नवाचार और सहयोग के लिए एक मंच प्रदान कर रहा है।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला