विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), परमाणु, अंतरिक्ष और क्वांटम प्रौद्योगिकियां भविष्य के विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की दिशा तय करेंगी। उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में तेजी से एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है।
राष्ट्रीय क्वांटम मिशन का उल्लेख करते हुए श्री सिंह ने कहा कि मिशन ने अपने शुभारंभ के तीन वर्ष में ही अपने आधे से अधिक लक्ष्यों को हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि इस मिशन की गति भारत की बढ़ती वैज्ञानिक क्षमताओं और उभरती प्रौद्योगिकियों में वैश्विक नेता बनने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
श्री सिंह ने कहा कि देश आज उस स्थान पर है जहां वह प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में अग्रणी देशों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। उन्होंने बताया कि भारत डिजिटल अवसंरचना, कंप्यूटिंग क्षमता, डेटा संसाधनों और विश्वसनीय ऊर्जा प्रणालियों में निवेश के माध्यम से एआई इकोसिस्टम को भी मजबूत कर रहा है।