प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत आज निवेश, नवाचार और विनिर्माण के लिए विश्व के सबसे आकर्षक स्थलों में से एक है। श्री मोदी स्वीडन की अपनी दो दिन की यात्रा के दौरान गोथेनबर्ग में आयोजित यूरोपीय उद्योग गोलमेज सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में सभी कंपनियों के लिए अवसर मौजूद हैं। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि आने वाले वर्षों में भारत की प्रमुख परियोजनाओं में उन्हें शामिल करने के लिए संस्थागत प्रणाली सहित विभिन्न कदम उठाए जा सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत पिछले 12 वर्ष से सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के मूल मंत्र पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की सुधार एक्सप्रेस पूरी गति से चल रही है। श्री मोदी ने स्वीडिश कंपनियों से विनिर्माण, हरित हाइड्रोजन मिशन, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में उपस्थिति बढ़ाने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने दूरसंचार और डिजिटल बुनियादी ढांचा सहित पांच व्यापक क्षेत्रों में मौजूद संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये भारत को वैश्विक अनुसंधान और विकास केंद्र बनाने में सहायक हो सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने इलेक्ट्रॉनिक्स, डीप टेक मैन्युफैक्चरिंग, एआई, हरित ऊर्जा, बुनियादी ढांचा, गतिशीलता, शहरी परिवर्तन, स्वास्थ्य सेवा और जीवन विज्ञान जैसे अन्य क्षेत्रों में भी सहयोग की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी नवाचार की अगली लहर भारत में सह-निर्मित होनी चाहिए।
श्री मोदी ने भारत-यूरोपीय संघ संबंधों में घनिष्टता का स्वागत किया। इसमें ऐतिहासिक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते की वार्ता का सफल समापन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) जैसी कनेक्टिविटी परियोजनाएं भारत-यूरोप व्यापार साझेदारी में नया मूल्य जोड़ती हैं।
स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, वरिष्ठ यूरोपीय उद्योग जगत के नेता और प्रमुख यूरोपीय और भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधि भी इस गोलमेज सम्मेलन में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री मोदी ने स्वीडन की क्राउन प्रिंसेस विक्टोरिया और प्रधानमंत्री क्रिस्टर्सन के साथ स्वीडिश सीईओ से भी बातचीत की। कल रात प्रधानमंत्री मोदी ने गोथेनबर्ग में ने स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ वार्ता की और द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की, जो दोनों देशों के संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी को द्विपक्षीय संबंधों में उनके असाधारण योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व के सम्मान में स्वीडन के सर्वोच्च सम्मान, ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार किसी राष्ट्राध्यक्ष को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। यह प्रधानमंत्री मोदी का 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।