‘इंडिया डे फेस्टिवल’ आज मॉस्को में शुरू हो रहा है। चार दिन चलने वाले इस फेस्टिवल में भारतीय और रूसी समुदायों को संस्कृति, परंपराओं और लोगों के बीच आपसी संबंधों का जश्न देखने को मिलेगा।
यह फेस्टिवल मॉस्को के गोस्तिनी द्वोर में आयोजित किया जाएगा। “संस्कृतियों की एकता – लोगों की दोस्ती” थीम पर आयोजित इस फेस्टिवल में कई जगहों पर अलग-अलग तरह के कार्यक्रम होंगे। यहाँ बने लगभग 20 खास ज़ोन में आने वाले लोगों को भारतीय संस्कृति के अलग-अलग पहलुओं – जैसे योग, शतरंज, भारतीय शादियाँ, नृत्य, भारतीय व्यंजन और आयुर्वेद, – को जानने-समझने का मौका मिलेगा।
इस फेस्टिवल में पूरे रूस से लगभग 75 योग स्कूल और दूसरे देशों के इंस्ट्रक्टर भी शामिल होंगे। भारतीय नृत्य की विविधता और कलात्मक परंपराओं को दिखाने वाले कार्यक्रमों में 200 से ज़्यादा भारतीय और रूसी डांसर भी हिस्सा लेंगे।