जापान में एशियाई खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। 14वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग, कुश्ती और तीरंदाजी में कई पदक जीते। तीरंदाजी में कुमकुम मोहोड़ ने महिला एकल रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में उन्होंने दक्षिण कोरिया की ओ ये-जिन को शूट-ऑफ में हराया। सेमीफाइनल में कुमकुम ने चीन की खिलाड़ी को हराकर 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भारत का कोटा भी हासिल किया। महिला हॉकी में भारत ने स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में भारत ने चीन को एक-शून्य से हराया। लालरेमसियामी ने भारत के लिए एकमात्र गोल किया।
इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता और 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई किया। कुश्ती में सुजीत कलकल ने पुरुषों के 65 किलो फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल में ताजिकिस्तान के खिलाड़ी को 10-9 से हराया। बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा, अंकुश पंघाल और लवलीना बोरगोहेन ने भी स्वर्ण पदक जीते।
तीरंदाजी में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने पहली बार एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, मिक्स्ड रिकर्व टीम ने रजत पदक हासिल किया। सेपकटकरॉ में भारत ने कांस्य और नौकायन में नेत्रा कुमानन ने कांस्य पदक जीता। इन शानदार प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। भारत के अब कुल 77 पदक हो गए हैं, जिनमें 17 स्वर्ण, 25 रजत और 35 कांस्य पदक शामिल हैं।