भारत ने काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हो रहे हमलों को तत्काल रोकने का आह्वान किया है और रूस-यूक्रेन में जारी संघर्ष के बीच अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के माध्यम से सुरक्षित नौवहन की आवाजाही बहाल करने का आग्रह किया है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक उच्च-स्तरीय बैठक में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि, राजदूत परवथनेनी हरीश ने कहा कि खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर विशेष रुप से इस संघर्ष के दूरगामी वैश्विक परिणाम देखने को मिले हैं। उन्होंने इसके शांतिपूर्ण समाधान के लिए सभी प्रयासों में योगदान देने की भारत की तत्परता को दोहराया और इस बात पर जोर दिया कि संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का रास्ता है।
वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लिए काला सागर क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करते हुए, भारत के स्थाई प्रतिनिधि श्री हरीश ने कहा कि गेहूं, मक्का और जौ के वैश्विक निर्यात में रूस और यूक्रेन की संयुक्त हिस्सेदारी लगभग एक चौथाई है। उन्होंने कहा कि जहाजरानी और कृषि व्यापार में व्यवधानों से ग्लोबल साउथ के देश असमान रूप से प्रभावित होते हैं।
श्री हरीश ने काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों पर भी चिंता व्यक्त की, जिसके परिणामस्वरूप कई भारतीय नाविकों की मृत्यु हो गई और कई लापता हो गए। उन्होंने एमवी ओमोर्फी एमवी रोयाद मम्मादोव, एमवी गोल्डन लियो और एमवी एजीएन राग्नार जहाजों पर हुए हमलों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि भारत वाणिज्यिक जहाजरानी और नाविकों की सुरक्षा तथा अनाज निर्यात गलियारों की बहाली के मुद्दे पर रूस और यूक्रेन दोनों के साथ बातचीत कर रहा है। श्री परवथनेनी हरीश ने संयुक्त राष्ट्र में भारत और लाइबेरिया द्वारा ‘जहाजरानी और नाविकों की संरक्षा और सुरक्षा पर मित्र समूह के शुभारंभ की भी चर्चा की, जिसका उद्देश्य समुद्री सुरक्षा पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना है। भारत के रुख को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि विशेष रूप से संवेदनशील देशों की स्थिरता के लिए सुरक्षित वाणिज्यिक जहाजरानी और भोजन, उर्वरकों तथा ऊर्जा का निर्बाध प्रवाह आवश्यक है।