पुरुष क्रिकेट में भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला 3-0 से जीत ली है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में कल रात खेले गए तीसरे और अंतिम मैच में भारत ने अफगानिस्तान को 127 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 221 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम 14 ओवर और एक गेंद में 94 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से नितीश कुमार रेड्डी और रवि बिश्नोई ने तीन-तीन विकेट लिए। अक्षर पटेल ने दो, जबकि जसप्रीत बुमराह और यश ठाकुर ने एक-एक विकेट लिया। अभिषेक शर्मा ने 34 गेंदों में शानदार 108 रन की पारी खेली, जबकि संजू सैमसन ने 50 रन बनाए। अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। 127 रन की हार अफगानिस्तान की टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़ी हार है। वहीं, भारत के खिलाफ 94 रन उसका सबसे कम स्कोर है। टी-20 क्रिकेट में 100 या उससे अधिक रन के अंतर से भारत की यह दसवीं जीत है।
News On AIR | सितम्बर 18, 2026 8:24 पूर्वाह्न
भारतीय पुरूष क्रिकेट टीम ने तीसरे T20 मैच में अफगानिस्तान को 127 रन से हराकर श्रृंखला 3-0 से अपने नाम की