अक्टूबर 17, 2026 6:41 पूर्वाह्न

printer

भारत ने पहले महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जिम्बाब्वे को चार विकेट से हराया

महिला क्रिकेट में, भारत ने रायपुर में कल रात खेले गए पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जिम्बाब्वे को चार विकेट से हरा दिया। तीन मैचों की श्रृंखला में भारत ने एक-शून्य की बढ़त बना ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने पांच विकेट पर 114 रन बनाए। जवाब में भारत ने छह विकेट खोकर 15 ओवर और चार गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया। दीप्ति शर्मा ने 37 गेंदों में 49 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

निकी प्रसाद ने 35 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए। नियमित कप्तान के रूप में स्मृति मंधाना का यह पहला मैच था। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुझाव पर तीनों टी-20 मैचों में महिला दर्शकों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जा रहा है। श्रृंखला का दूसरा मैच कल खेला जाएगा, जबकि तीसरा मैच 20 अक्टूबर को होगा। भारत और जिम्बाब्वे पहली बार द्विपक्षीय क्रिकेट श्रृंखला खेल रहे हैं। टी-20 श्रृंखला के बाद दोनों टीमों के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला भी खेली जाएगी। ये मैच वडोदरा में 23, 25 और 28 अक्टूबर को होंगे।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला