अगस्त 30, 2026 8:37 अपराह्न

printer

भारत और उज्बेकिस्तान संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ा रहे हैं: प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत और उज्बेकिस्तान अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ा रहे हैं। राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान अपने प्रारंभिक संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश उन्नत साझेदारी के ढांचे के भीतर ठोस लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने यूरेनियम की आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक व्यवस्था भी स्थापित की है। उन्होंने कहा कि दोनों देश तीन सिस्टर सिटी और सिस्टर स्टेट समझौतों को भी औपचारिक रूप दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश घनिष्ठ समन्वय के माध्यम से द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं को दिशा प्रदान करने के लिए विदेश मंत्री स्तर पर एक समन्वय परिषद की स्थापना करेंगे। श्री मोदी ने कहा कि संयुक्त आयोग को सचिव स्तर से बढ़ाकर मंत्री स्तर पर लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष संयुक्त रूप से दोनों देशों के व्यापारिक नेताओं की भागीदारी से एक व्यापार शिखर सम्मेलन का आयोजन भी करेंगे।

श्री मोदी ने रणनीतिक साझेदारी की 15वीं वर्षगांठ और उज्बेकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस की 35वीं वर्षगांठ के संयोग पर भी खुशी व्यक्त की। श्री मोदी ने 1 सितंबर को मनाए जाने वाले उज्बेकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वहां के लोगों को अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

वार्ता के दौरान अपने शुरुआती संबोधन में राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव ने कहा कि भारत सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त कर रहा है, उच्च आर्थिक विकास दर बनाए हुए है और प्रमुख परियोजनाओं को लागू कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत डिजिटल प्रणाली, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष अन्वेषण और कई अन्य क्षेत्रों में वास्तव में उत्कृष्ट प्रगति कर रहा है। मिर्ज़ियोयेव ने कहा कि वैश्विक मामलों में भारत की आवाज और प्रभाव और भी मजबूत हुआ है और वह इन सभी उपलब्धियों को देखकर प्रसन्न हैं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला