भारत और सऊदी अरब ने जेद्दाह में आयोजित सऊदी जल सप्ताह के दौरान जल संसाधनों में सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। सऊदी अरब में भारत के राजदूत डॉ. सुहेल खान और सऊदी अरब के पर्यावरण, जल तथा कृषि मंत्री अब्दुल रहमान अब्दुल मोहसिन अलफदली ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इससे दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी।
समझौता ज्ञापन का उद्देश्य जल संसाधन नियोजन, सतत जल प्रबंधन, सिंचाई प्रणालियों, क्षमता निर्माण और तकनीकी विशेषज्ञता एवं सर्वोत्तम पद्धतियों के आदान-प्रदान में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाना है। अधिकारियों ने कहा कि यह समझौता बढ़ती जल चुनौतियों से निपटने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
जेद्दाह में भारत के महावाणिज्यदूत फहद सूरी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।