अक्टूबर 24, 2026 2:04 अपराह्न

printer

पांचवें एशियन पैरा गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदक जीते और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया

जापान के आइची-नागोया में आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदक जीते और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। भारतीय खिलाड़ियों ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक जीते। इस खेल प्रतियोगिता का समापन आज होगा। दो-दो स्वर्ण पदक जीतने वाले निषाद कुमार और मोना अग्रवाल समापन समारोह में भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे। समारोह भारतीय समयानुसार दोपहर ढाई बजे शुरू होगा।

पैरा एथलेटिक्स भारत के लिए सबसे अधिक पदक जीतने वाला खेल रहा। इसमें भारत ने 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य सहित कुल 65 पदक जीते। पैरा बैडमिंटन में तीन स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य सहित 16 पदक मिले। पैरा तैराकी में 11, पैरा तीरंदाजी में छह और पैरा निशानेबाजी में पांच पदक भारत के खाते में आए। भारतीय दल ने पैरा टेबल टेनिस में सात और पैरा जूडो तथा पैरा पावरलिफ्टिंग में दो-दो पदक जीते।

भारत ने इस बार 114 पदक जीतकर 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित पिछले एशियन पैरा गेम्स के अपने प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। उस प्रतियोगिता में भारत ने 27 स्वर्ण, 32 रजत और 49 कांस्य सहित कुल 108 पदक जीते थे।