बांग्लादेश में कपड़ा श्रमिकों ने आज कई औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदर्शन कर सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। वे न्यूनतम मासिक वेतन 30,000 टका करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनों से ढाका और गाजीपुर में यातायात बाधित हुआ और पुलिस के साथ झड़पें हुईं। राजधानी में, कई कपड़ा कारखानों के सैकड़ों श्रमिकों ने मीरपुर-10 चौराहे को अवरुद्ध कर दिया, जिससे जुड़ने वाली सड़कों पर यातायात ठप हो गया। पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग किया। मीरपुर-11 क्षेत्र में एक पुलिस वाहन को आग लगा दी गई।
गाजीपुर में, श्रमिकों ने पल्ली बिद्युत, कोनाबाड़ी, भोगड़ा और नाओजोर सहित ढाका-टांगाइल राजमार्ग को कई जगहों पर अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों द्वारा ईंट और पत्थर फेंकने के बाद पुलिस ने आंसू गैस छोड़े। अधिकारियों ने समस्याग्रस्त क्षेत्रों में अधिकांश कपड़ा कारखानों को बंद करने की घोषणा की है।
इसी बीच, आशुलिया में कपड़ा श्रमिकों ने कारखानों से काम बंद कर दिया और अब्दुल्लापुर-बाईपाइल सड़क को अवरुद्ध कर दिया जिससे उत्पादन ठप हो गया। अशांति के कारण नरसिंहपुर क्षेत्र के सभी कारखाने बंद कर दिए गए हैं।
बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बीच, सरकार ने कपड़ा श्रमिकों के वेतन ढांचे की समीक्षा के लिए छह सदस्यीय न्यूनतम वेतन बोर्ड का गठन किया है और श्रमिकों से काम पर लौटने का आग्रह किया।