अगस्त 21, 2026 12:03 अपराह्न

printer

अस्पताल में जांच के बाद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को वापस अदियाला जेल लाया गया

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को आज सुबह इस्लामाबाद के एक निजी अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद रावलपिंडी की अदियाला जेल वापस भेज दिया गया। उन्हें आधी रात के बाद शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया गया था। 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें दो दिन के भीतर अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था। अदालत के समक्ष पेश की गई मेडिकल रिपोर्ट में बताया गया था कि इमरान खान ‘लेवल थ्री प्लस’ तनाव से पीड़ित हैं।

सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पोस्ट में पुष्टि की कि चिकित्सकीय जांच के बाद पूर्व प्रधानमंत्री को वापस अदियाला जेल भेज दिया गया है। इससे पहले, इमरान खान के अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्रवक्ता जुल्फी बुखारी ने भी पुष्टि की थी कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के संस्थापक को अदियाला जेल से शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया गया था।

इमरान खान को भ्रष्टाचार समेत कई मामलों में 5 अगस्त 2023 को गिरफ्तार किया गया था। तब से वह रावलपिंडी की अदियाला जेल में हैं।