यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने पश्चिमी एशियाई क्षेत्र में अमरीका और ईरान के बीच जारी संघर्ष में सऊदी अरब के नजरां हवाई अड्डे पर हमला करने का दावा किया है। हूती के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने एक वक्तव्य में कहा कि हूती ने नजरां हवाई अड्डे को ड्रोन से निशाना बनाया। यह हमला सऊदी अरब द्वारा सादा और हज्जा प्रांतों के ऊपर यमन के हवाई क्षेत्र के बार-बार ड्रोन से उल्लंघन के जवाब में किया गया था।
ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद हूती के नेताओं को लौटने से रोकने के लिए सऊदी अरब द्वारा सना अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमला किये जाने का आरोप हूती गुट ने लगाया। इसके बाद हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ गया है।
इससे पहले, हूती विद्रोहियों ने अंतरराष्ट्रीय जहाजरानी कंपनियों को बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य से गुजरने के खिलाफ चेतावनी दी थी। यह जलडमरूमध्य लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है और अरब प्रायद्वीप पर होर्मुज जलडमरूमध्य के ठीक सामने स्थित है।