आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने आज ‘प्रगति 50’ के अंतर्गत नई पहल शुरू की। इसका मकसद आर्थिक, सांस्कृतिक, विरासत, तीर्थयात्रा, पर्यटन और प्रशासनिक महत्व वाले 50 शहरों के लिए ‘मॉडल सिटी फ्रेमवर्क’ (आदर्श शहर का ढांचा) तैयार करना है। श्री मनोहर लाल ने कहा कि 24 राज्यों के ये 50 शहर देश के बाकी हिस्सों के लिए स्वच्छ और आदर्श शहरों के तौर पर उभरेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने इसमें बड़े शहरों, सांस्कृतिक महत्व वाले शहरों, प्रमुख पर्यटन स्थलों और आर्थिक केंद्रों को शामिल करना सुनिश्चित किया है। इस पहल का उद्देश्य तय समय-सीमा के भीतर निगरानी और समीक्षा के व्यवस्थित ढांचे के जरिए शहरी स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, इस्तेमाल किए गए पानी का प्रबंधन, साफ-सफाई और नागरिकों की भागीदारी में सुधार लाना है।
केंद्रीय यांत्रिक अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सहयोग से दुर्गापुर में ‘स्वच्छ भारत टेस्ट बेड एंड इनोवेशन सेंटर’ भी शुरू किया गया।
‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के अंतर्गत, श्री मनोहर लाल ने नई दिल्ली के संकल्प भवन में ‘रिड्यूस, रियूज और रीसायकल’ सेंटर का भी उद्घाटन किया। यह पहल सरकारी कार्यस्थलों में टिकाऊ खपत, दोबारा इस्तेमाल, संसाधनों की रिकवरी और सर्कुलरिटी को बढ़ावा देगी।