गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पद्म विभूषण से सम्मानित गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि आशा ताई ने न केवल अपनी मधुर आवाज और अद्वितीय प्रतिभा से एक अनूठी पहचान बनाई, बल्कि अपने गीतों से भारतीय संगीत को और समृद्ध किया। गृह मंत्री ने कहा कि संगीत की हर शैली में ढलने की उनकी असाधारण क्षमता ने हर किसी का दिल जीत लिया और लाखों दिलों को छुआ। श्री शाह ने कहा कि आशा भोसले ने न केवल हिंदी, मराठी, बंगाली, तमिल, गुजराती और कई अन्य भाषाओं में, बल्कि लोकगीतों में भी अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने आगे कहा कि आशा ताई की आवाज में उतनी ही कोमलता थी जितनी उनके व्यवहार में सादगी और स्नेह था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि गायिका आशा भोसले का निधन संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि पार्श्व गायिका के रूप में उन्होंने हजारों फिल्मों और संगीत एल्बमों को अपनी आवाज दी और पीढ़ियों से भारतीय उनके गीतों को सुनते और गुनगुनाते रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि उनकी मधुर आवाज़ की गूंज हमेशा बनी रहेगी। उन्होंने इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।